मेदिनीनगर : पलामू पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। दरअसल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जिले में एक फर्जी मोबाइल फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। जहां ब्रांडेड कंपनी के नाम पर मोबाइल असेंबल किया जा रहा था। पुलिस ने पांकी थाना क्षेत्र के खाप गांव से 112 मोबाइल का मदरबोर्ड, 335 दो अलग-अलग ब्रांडेड कंपनी के मोबाइल समेत कई अन्य सामग्री बरामद की है।

वहीं अवैध फैक्ट्री चलाने के आरोप में खाप निवासी विकल्प कुमार और पांकी निवासी रंजीत कुमार को गिरफ्तार भी किया गया है। बताया जा रहा है कि पलामू पुलिस को सूचना मिली थी कि पांकी के इलाके में मोबाइल रिफर्निश्ड एवं असेंबल किया जा रहा है। जिसके आलोक में पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में मोबाइल बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया है कि पश्चिम बंगाल से मोबाइल का मदरबोर्ड खरीदा गया था। जबकि उसके पार्ट स्थानीय स्तर पर और बंगाल में ही खरीदे गए थें। पश्चिम बंगाल में 200 से 250 रुपए में मदरबोर्ड खरीदा जाता था। जबकि 600 से 700 दुकानदारों को सप्लाई किया जाता था। दुकानदार इसे 1000 से 1200 में बेचते थे।

वहीं पुलिस को कई दुकानदारों के नाम मिले हैं जो इस तरह के मोबाइल का कारोबार करते थें। उनके खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पुलिस यह जांच कर रही है कि बरामद मोबाइल का आईएमईआई (International Mobile Equipment Identity) चोरी का है या किसी के द्वारा मोबाइल पुराना होने के बाद बेचा गया है। गिरफ्तार विकल्प कुमार और रंजीत कुमार पिछले तीन वर्षों से फर्जी तरीके से मोबाइल फैक्ट्री का संचालन करते थें।

मोबाइल का मदरबोर्ड पश्चिम बंगाल से खरीदा जाता था और स्थानीय स्तर पर असेंबल किया जाता था। जांच में कई बातें सामने आई हैं। बरामद मोबाइल दो ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर हैं। संबंधित कंपनियों को भी सूचना दी जा रही है।असेंबल हुए मोबाइल में जो आईएमईआई आ रहा वह चोरी का है या वेस्ट मैटेरियल से लिया गया है फिलहाल इनकी जांच की जा रही है- रीष्मा रमेशन- एसपी, पलामू

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *