लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: प्रभारी प्रधानाध्यापक की छोटी सी लापरवाही और सात छात्राओं का एक साल बर्बाद हो गया। सभी छात्राएं जैक बोर्ड की मैट्रिक व इंटर की परीक्षा से वंचित रह गईं। इन छात्राओं में मैट्रिक की कुमारी विद्या भारती, वर्षा कुमारी, इंटर की विनीता कुमारी, सुष्मिता कुमारी, साब्या कुमारी, रिंकी कुमारी और प्रियांशु कुमारी का नाम शामिल है। इधर आरोपी प्रभारी हेडमास्टर पर विभागीय कार्रवाई करते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है।

ये है पूरा मामला:-

दरअसल, पलामू जिले के हुसैनाबाद के राजकीयकृत बालिका प्लस टू हाईस्कूल के प्रभारी हेडमास्टर प्रेम सिंह की लापरवाही के कारण सात छात्राएं मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षा देने से वंचित रह गईं। डीईओ ने प्रभारी हेडमास्टर पर विभागीय कार्रवाई की सहमति दे दी है। इस बाबत जिला शिक्षा पदाधिकारी सौरभ प्रकाश ने बताया कि उपायुक्त के आदेश पर प्रभारी प्रधानाध्यापक प्रेम सिंह को निलंबित कर दिया गया है।

साथ ही उन्हें केंद्राधीक्षक से हटाकर सहायक शिक्षक उपेंद्र राम को केंद्राधीक्षक बनाया गया है। डीईओ ने बताया कि प्रभारी प्रधानाध्यापक से इस संबंध में स्पष्टीकरण भी पूछा गया था। लेकिन वे कोई संतोषजनक कारण नहीं दे पाए। उन्होंने कहा कि सर्वर नहीं चलने के कारण सात छात्राएं परीक्षा फॉर्म नहीं भर सकी थीं।

लेकिन उन्होंने इसकी सूचना अपने वरीय अधिकारियों को नहीं दी थी। ऐसे में उनकी लापरवाही से सात छात्राओं का भविष्य एक साल के लिए बर्बाद हो गया है। डीईओ ने बताया कि उक्त छात्राओं का परीक्षा फॉर्म नहीं भरने की सूचना उन्हें अनुमंडल पदाधिकारी से मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *