लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर : झारखंड पुलिस के मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल अपराधी मयंक सिंह उर्फ सुनील मीणा को अजरबैजान से भारत लाने का रास्ता पूरी तरह से साफ हो चुका है। अजरबैजान ने मयंक सिंह के प्रत्यार्पण को मंजूरी दे दी है। वह फिलहाल अजरबैजान के बाकू जेल में बंद है।

झारखंड पुलिस ने अजरबैजान से प्रत्यर्पित कर मयंक को भारत लाने की हर कठिनाई को पार कर लिया है। इस संबंध में झारखंड डीजीपी अनुराग गुप्ता ने बताया कि केंद्रीय एजेंसियों की सहायता से झारखंड पुलिस को यह कामयाबी मिली है। झारखंड एटीएस ने केंद्रीय एजेंसियों और इंटरपोल के माध्यम से पुख्ता दस्तावेजों और सबूत दिए।

अजरबैजान की अदालत ने दी प्रत्यार्पण की मंजूरी:- 

जिसके आधार पर अजरबैजान की बाकू की उच्च अदालत ने भी मयंक सिंह को कुख्यात अपराधी स्वीकार करते हुए उसके प्रत्यार्पण को मंजूरी दे दी है। इससे पहले बाकू की निचली अदालत ने मयंक सिंह के प्रत्यर्पण को हरी झंडी दे दी थी। अजरबैजान के कानून के अनुसार मयंक सिंह को ऊपरी अदालत में अपील करने का मौका भी दिया गया, लेकिन उच्च अदालत ने भी निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखा।

डीजीपी अनुराग गुप्ता ने बताया कि झारखंड एटीएस के एसपी के नेतृत्व में झारखंड पुलिस की एक टीम जल्द ही अजरबैजान जाएगी और फिर उसे भारत लाकर अदालत में पेश किया जाएगा। डीजीपी ने बताया की एटीएस की टीम को अजरबैजान भेजने के लिए झारखंड सरकार की अनुमति लेनी है। जिसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पहले से है प्रत्यर्पण संधि:- 

बताते चलें कि भारत का पहले से अजरबैजान के साथ प्रत्यर्पण संधि है। मयंक सिंह के केस में इसका फायदा मिला है। डीजीपी ने बताया कि विदेश में बैठकर झारखंड में आतंक मचा रहे अपराधियों के खिलाफ यह बड़ी सफलता है। ऐसे हर अपराधी को भारत लाकर सजा दिलाई जाएगी, जिसमे प्रिंस खान का भी नाम शामिल है।

सामने आएंगे अमन साव के नेटवर्क

डीजीपी के अनुसार मयंक को भारत लाने से न सिर्फ झारखंड पुलिस बल्कि राज्य के कई अन्य पुलिस को भी काफी फायदा मिलेगा। गैंगस्टर अमन साव (मृत) के फाइनेंशियल नेटवर्क के साथ-साथ पूरे हथियार नेटवर्क को मयंक ही संभालता था। मयंक से पूछताछ के बाद जो कार्रवाई होगी उसमें अमन साव के हथियार और फाइनेंशियल नेटवर्क दोनों को ध्वस्त करने में सहायता मिलेगी।

बता दें कि कुख्यात गैंगस्टर अमन साव और इंटरनेशनल गैंगस्टर लारेंस के बेहद खास मयंक सिंह उर्फ सुनील मीणा झारखंड का ऐसा पहला अपराधी होगा जिसकी गिरफ्तारी विदेश से हुई और अब उसे बाकू से प्रत्यर्पित कर भारत लाया जाएगा। राजस्थान निवासी मयंक सिंह उर्फ सुनील मीणा बेहद कुख्यात अपराधी है। अत्याधुनिक हथियारों और अपनी ऐसो आराम वाली जिंदगी की तस्वीरें सोशल मीडिया में डालकर वह अक्सर सुर्खियों में रहता था।

मयंक के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस किया गया था जारी:- 

झारखंड पुलिस के अथक प्रयास से मयंक सिंह को अजरबैजान देश की राजधानी बाकू से पिछले साल गिरफ्तार किया गया था। पिछले पांच साल तक झारखंड पुलिस को पता ही नही था की मयंक सिंह कौन है। एटीएस के अथक प्रयास के बाद यह पता लगाया जा सका कि मयंक सिंह असल में सुनील मीणा है जो राजस्थान निवासी है जो विदेश में रहकर झारखंड में आपराधिक गतिविधियों को संचालित कर रहा है।

जिसके बाद उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया। इसी रेड कॉर्नर नोटिस के कारण वह अजरबैजान में पकड़ा गया। मयंक सिंह उर्फ सुनील मीणा अपराध की दुनिया का एक जाना माना नाम है।

कौन है मयंक सिंह:-

मयंक सिंह जो कि कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस के बचपन के दोस्त है का पूरा नाम सुनील सिंह मीणा है। अपराध की दुनिया में लॉरेंस और मयंक ने एक साथ कदम रखा था। अपराध के कई मामलों में मयंक जेल भी जा चुका है। लेकिन पिछले 2 साल वह मलेशिया में बैठकर लारेंस के कहने पर झारखंड के कुख्यात अमन साव के साथ काम कर रहा था। अमन और लॉरेंस के बीच की अहम कड़ी मयंक सिंह ही था।

मयंक का प्रमुख काम इंटरनेट कॉल के जरिए कारोबारियों को धमकी देना था। सोशल मीडिया पर वह बेहद एक्टिव था और मलेशिया में बैठकर सोशल मीडिया के जरिए अपने गैंग को लेकर खुलकर अपने विचार रखा करता था। सुनील मीणा छदम नाम मयंक सिंह का प्रयोग कर झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर अमन साहू के लिए काम करता था। झारखंड में शायद ही कोई ऐसा कारोबारी रहा हो जिसे मयंक ने इंटरनेट कॉल पर धमकी न दी हो।

एक दर्जन से ज्यादा मामले हैं दर्ज:-

मयंक उर्फ सुनील मीना के खिलाफ एटीएस थाने सहित झारखंड के एक दर्जन थानों में दर्जनों मामले दर्ज है। मयंक उर्फ सुनील मीना के बारे में पूरी जानकारी के बाद झारखंड एटीएस की एक टीम राजस्थान के अनूपगढ़ जिले के नई मंडी थाना क्षेत्र के जीडीए पुरानी मंडी घड़साना स्थित मीना के घर डुगडुगी बजा कर इस्तेहार भी चस्पाया था।

एटीएस ने नई मंडी थाना की मदद से सुनील मीना उर्फ मयंक सिंह के कई चल-अचल सम्पतियों का भी पता लगाया है। खौफ की कमाई के जरिए सुनील मीणा ने नया घर बनवाया है, साथ ही महंगी गाड़ियां भी खरीदी है। एटीएस ने मयंक उर्फ सुनील मीणा के खिलाफ राजस्थान में कुर्की जब्ती भी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *