मेदिनीनगर :राष्ट्रीय परशुराम सेना भार्गव के तत्वावधान मेंजिले के मेदिनीनगर शहर अंतर्गत रांची रोड स्थित रेड़मा मथुराबाड़ी में निर्मित भगवान श्री परशुराम का भव्य एवं दिव्य मंदिर बनकर पूरी तरह तैयार हो गया है। मंदिर के निर्माण को लेकर क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और उल्लास का माहौल देखा जा रहा है।

भगवान परशुराम की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर कई दिवसीय धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया है, जिसे ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है। इसी क्रम में देश-प्रदेश के कई गणमान्य व्यक्तियों को आमंत्रित किया जा रहा है। इस कड़ी में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा के सदस्य रवींद्र तिवारी ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री भारत सरकार नितिन गडकरी को भगवान परशुराम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल होने के लिए व्यक्तिगत रूप से आमंत्रण पत्र सौंपा।
आमंत्रण के दौरान मंदिर निर्माण, कार्यक्रम की रूपरेखा तथा इसके धार्मिक और सामाजिक महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि यह मंदिर समाज में संस्कार, एकता और सेवा की भावना को सशक्त करेगा। मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर मेदिनीनगर सहित पूरे पलामू जिले में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस मंदिर के निर्माण से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर भगवान परशुराम जी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की गई है।
बताया गया कि कार्यक्रम की शुरुआत 15 जनवरी को नगर भ्रमण के साथ हनुमंत पूजा से होगी। इसके बाद 2 फरवरी को भव्य जलयात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु कलश यात्रा के साथ शामिल होंगे। वहीं 6 फरवरी को भगवान परशुराम जी की प्राण-प्रतिष्ठा पूजा विधि-विधान के साथ संपन्न होगी।
इन आयोजनों में संत-महात्माओं, समाज के प्रबुद्धजनों एवं श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी अपेक्षित है। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक होगा, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना के दृष्टिकोण से भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।