लाइव पलामू न्यूज/गढ़वा : इस सप्ताह एक घंटे के नियमित साप्ताहिक कार्यक्रम “कॉफी विद एसडीएम” में गढ़वा अनुमंडल अंतर्गत सड़क दुर्घटना में शिकार हुए लोगों के परिजनों को आमंत्रण दिया गया है। उल्लेखनीय है कि यह कार्यक्रम हर सप्ताह बुधवार को आयोजित होता है, किंतु इस बुधवार महाशिवरात्रि का अवकाश होने के चलते अब यह कार्यक्रम गुरुवार 27 फरवरी को 11:00 से 12:00 के बीच होगा।

इस संबंध में एसडीओ ने कहा कि क्षेत्र के कई परिवार ऐसे हैं जिन्होंने सड़क दुर्घटनाओं के चलते अपने परिजनों को असमय खोया है। सड़क दुर्घटना के शिकार हुये लोगों के परिजनों/ आश्रितों को नियमानुसार सहायता मिली या नहीं, सहायता पाने की क्या प्रक्रिया है, परिवार के सामने क्या दिक्कत है और उन्हें प्रशासन से क्या अपेक्षाएं हैं जैसे सभी मुद्दों को लेकर ही परिजनों को कॉफी पर आमंत्रित किया गया है।

जिससे वे अपनी निजी समस्याओं एवं शिकायतों को इस अनौपचारिक प्लेटफार्म के माध्यम से प्रशासन तक पहुंचा सकें। साथ ही वे चाहें तो इस दौरान अपने क्षेत्र की बेहतरी या स्थानीय सड़क सुरक्षा संबंधी मुद्दों को लेकर अपने सुझाव भी दे सकते हैं, उनके व्यवहारिक सुझावों को अमल में लाने का प्रयास किया जाएगा।

इस सप्ताह के कार्यक्रम में परिवहन विभाग एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित पदाधिकारियों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। ताकि संबंधित सरकारी योजनाओं के बारे में आमंत्रित समूह को विस्तार से बताया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *