मेदिनीनगर : झामुमो नेता सन्नी शुक्ला और आशुतोष विनायक ने नगर विकास, खेलकूद एवं पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार जी को मेदिनीनगर नगर निगम की मूलभूत समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। इसमें बताया कि अधिकांश गलियां गड्ढों और कीचड़ों से भरी हैं, प्रमुख सड़कों तक पर स्ट्रीट लाइट नहीं है और खेलकूद के लिए एक भी मैदान उपलब्ध नहीं है।

सन्नी शुक्ला और आशुतोष विनायक ने विस्तार पूर्वक माननीय मंत्री महोदय को समस्याओं से अवगत कराया। सन्नी शुक्ला ने कहा ” मंत्री सुदिव्य कुमार जी ने मेदिनीनगर नगर निगम की सभी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया है। अधिकांश मोहल्लों की सड़कें जर्जर अवस्था में हैं, जिनमें गड्ढे होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और आमजन को आवागमन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

इसके साथ ही, नगर निगम क्षेत्र की अधिकतर सड़कें रात में अंधेरे में डूबी रहती हैं, क्योंकि स्ट्रीट लाइटें या तो लगी ही नहीं हैं या वर्षों से खराब पड़ी हैं। यह स्थिति न केवल असुविधाजनक है, बल्कि आम नागरिकों विशेषकर महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए भी चिंताजनक है। आशुतोष विनायक ने कहा “निगम ने होल्डिंग टैक्स तो जरूर लिया है लेकिन मूलभूत समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया। पूर्व के जनप्रतिनिधि सो – सो कर अपना कार्यकाल पूरा कर दिए।

अत्यंत खेद की बात है कि पूरे मेदिनीनगर में खेल का एक भी समुचित मैदान नहीं है। इससे बच्चों और युवाओं को न तो खेल-कूद का अवसर मिल पाता है और न ही वे किसी प्रतियोगिता की तैयारी कर पाते हैं। इससे प्रतिभाओं का विकास बाधित हो रहा है। एक भी खेल का मैदान मेदिनीनगर में नहीं यह सुन मंत्री जी भी आश्चर्यचकित हो गए। मंत्री जी ने हमारी समस्याओं को गंभीरता से सुना, समझा और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। बदलाव जल्द ही नज़र आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *