लाइव पलामू न्यूज/रांची: इन दिनों पूरा झारखंड शीतलहर की चपेट में है। न्यूनतम पारा गिर कर 5.2 डिग्री सेंटीग्रेड तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार,तीन जनवरी को सुबह हल्का कोहरा छाया रहेगा। लेकिन बाद में आसमान साफ हो जाएगा। गुमला में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया है। पिछले तीन दिनों में राज्य के तापमान में 8.3 डिग्री सेंटीग्रेट गिरावट आई है। राजधानी रांची में 31 दिसंबर 2024 को पारा में 4.9 डिग्री गिरावट दर्ज की गई थी। वहीं एक जनवरी को 1.4 डिग्री सेंटीग्रेड और दो जनवरी को दो डिग्री सेंटीग्रेड न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज हुई।

राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेंटीग्रेड से नीचे आ गया है। न्यूनतम तापमान रांची के कांके में दर्ज किया गया है। राज्य के 15 जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेंटीग्रेड से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग की मानें तो अगले दो दिनों तक तापमान में बदलाव की कोई संभावना नहीं है। इसके बाद दो से चार डिग्री सेंटीग्रेड तापमान में वृद्धि हो सकती है। संभावना है कि रांची में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेंटीग्रेड और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेंटीग्रेड रहेगी।