LIVE PALAMU NEWS DESK : सितंबर 2024 में आयोजित JSSC CGL परीक्षा की अब तक हुई CID जांच में अहम और चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। दरअसल, CID जांच में यह बात सामने आई है कि पेपर लीक के मास्टरमाइंड शशिभूषण दीक्षित और अन्य आरोपियों के पास से बरामद मोबाइल में 28 अभ्यर्थियों की लिस्ट, उनके रोल नंबर, परीक्षा केंद्र और एजेंट का नाम लिखा हुआ पाया गया है।

आरोपियों के मोबाइल से बरामद सूची में से 10 अभ्यर्थी परीक्षा में सफल हुए हैं। इस मामले में गिरफ्तार कुंदन कुमार की पत्नी के आईसीआईसीआई बैंक के खाता संख्या 132501003642 और स्टेट बैंक के खाते में सीजीएल परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों से लेनदेन के साक्ष्य प्राप्त हुए हैं।
शशिभूषण ने की सबसे ज्यादा वसूली :
सबसे ज्यादा अभ्यर्थियों से वसूली शशिभूषण दीक्षित ने की है। सीआईडी के मुताबिक, शशिभूषण दीक्षित के यस बैंक के और एक्सिस बैंक के खाता में 8 लाख से ज्यादा की रकम ली गई है। एक आरोपी मनोज कुमार ने UPI के जरिए ऋषभ नाम के अभ्यर्थी से एक लाख रुपए लिए हैं। जांच में सबसे अहम बात जो सामने आई है, वह ये है कि जो अभ्यर्थी, पेपर लीक केस के आरोपियों के संपर्क में थे, वे सफल हुए हैं और 19 और 20 सितंबर 2024 का उनका मोबाइल लोकेशन नेपाल सीमा पर पाया गया है।
CBI से मामले की जांच करवाने की मांग :
बता दें कि रांची पुलिस ने JSSC CGL परीक्षा में गड़बड़ी की दो शिकायतें दर्ज की थी। जिसे CID ने टेकओवर करते हुए कांड संख्या 1/2025 और 2/2025 दर्ज की है। मामले में सीआईडी ने करीब एक दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल सीआईडी की जांच जारी है।दूसरी ओर छात्रों के समूह ने हाईकोर्ट का रूख करते हुए सीबीआई से मामले की जांच करवाने की मांग की है।