लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: 28 जनवरी 2024 को हुई JSSC CGL परीक्षा के दौरान हुए पेपर लीक जांच मामले में दाखिल याचिका पर मंगलवार को हाईकोर्ट में सुनवाई की गई। इस दौरान अदालत ने JSSC को नोटिस जारी करते हुए जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। इस मामले की अगली सुनवाई 3 दिसंबर को होगी। प्रार्थियों की ओर से वरीय अधिवक्ता अजीत कुमार और अपराजिता भारद्वाज ने बहस की। वहीं JSSC की ओर से अधिवक्ता संजोय पिपरवाल ने बहस की।

उल्लेखनीय है कि जनवरी माह में JSSC CGL की परीक्षा ली गई थी। जिसमें पेपर लीक का मामला सामने आया था। जिसके बाद पुलिस ने इस मामले की जांच की थी। मामले की जांच के लिए तीन डीएसपी समेत सात पुलिस अधिकारीयों की एसआईटी गठित की गयी थी। एसआईटी रिपोर्ट कोर्ट में सौंप चुकी है। बता दें कि एसएससी-सीजीएल परीक्षा के जरिए राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में 2025 पदों पर नियुक्ति की जानी थी।

इसके लिए साढ़े छह लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। रांची पुलिस की एसआईटी ने पेपर लीक के इस केस में झारखंड विधानसभा के अवर सचिव मो. शमीम और उनके दो बेटों को फरवरी में ही गिरफ्तार किया था। उनके पास से कई अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड, कई नामों वाले ब्लैंक चेक और कुछ मोबाइल फोन बरामद किए हुए थें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *