मेदिनीनगर : एक ट्रक को पकड़ कर पहले तो राज्य कर पदाधिकारी ने पुलिस के हवाले किया। बाद में उस ट्रक को छोड़ने के लिए पुलिस को कहा। हालांकि पुलिस अधिकारियों को ट्रक पर लदे सामान को लेकर आशंका हुई। जिसके बाद दंडाधिकारी की मौजूदगी में ट्रक की तलाशी ली गई तो सभी की आंखे खुली की खुली रह गई। ट्रक से लाखों की अवैध शराब की खेप बरामद हुई।

उक्त शराब की खेप पंजाब से झारखंड के कोडरमा जा रही थी। इस मामले में पलामू पुलिस ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि 13 मई की रात राज्य कर पदाधिकारी पलामू अंचल ने रेडीमेड गारमेंट लदे होने की बात बोलकर एक ट्रक को टाउन थाना के टीओपी 2 को सौंपा था। 14 मई को राज्य कर पदाधिकारी पलामू अंचल के द्वारा दोबारा ट्रक की जांच की जा रही थी। इस दौरान ट्रक का ड्राइवर फरार हो गया और उसने मोबाइल बंद कर लिया।
ट्रक को छोड़ने का पदाधिकारी ने दिया निर्देश :-
16 मई को राज्य कर पदाधिकारी पलामू अंचल ने पुलिस को यह लिखित दिया कि ट्रक पर लदे सामान का टैक्स ऑनलाइन जमा करा दिया गया है। इसलिए ट्रक को छोड़ दिया जाए। इसी क्रम में टीओपी पदाधिकारियों को ट्रक पर लदे सामान को लेकर आशंका हुई।
दंडाधिकारी की मौजूदगी में किया गया ट्रक का जांच :-
टीओपी प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने मामले की जानकारी एसपी रीष्मा रमेशन को दी। जिसके बाद दंडाधिकारी की मौजूदगी में ट्रक की जांच करने पर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। ट्रक के नए ड्राइवर सुखविंदर सिंह से पूछताछ करने पर पता चला कि पंजाब का तगाराम शराब की खेप भिजवाता है जो कोडरमा के तिलैया के महेंद्र यादव, बरही के पप्पू साव तक जाता है। स्प्रिट मिलाकर बड़े पैमाने पर अवैध शराब तैयार कर बिहार भेजा जाता है।