गढ़वा : एसडीएम संजय कुमार की देखरेख में सामाजिक सहयोग पर चल रही विशेष मानवीय पहल “आइये खुशियां बांटें” अभियान के अंतर्गत बुधवार, चौथे दिन गढ़वा प्रखंड के नवाडीह गाँव स्थित मुसहर बस्ती में ज़रूरतमंद परिवारों के बीच गर्म वस्त्र वितरित किए गए। अनुमंडल और सामाजिक कार्यकर्ताओं की संयुक्त टीम सुबह-सुबह इस बस्ती पहुँची और बच्चों, महिलाओं, युवाओं तथा बुजुर्गों तक गर्म कपड़े पहुँचाकर उनके चेहरों पर मुस्कान लाने का प्रयास किया।

मुसहर समुदाय की यह बस्ती सामाजिक आर्थिक रूप से अत्यंत वंचित और संवेदनशील वर्ग के रूप में चिन्हित है। ठंड के इस मौसम में उनकी आवश्यकताओं को देखते हुए टीम द्वारा स्वेटर, जैकेट, टोपी, मोजे, कंबल तथा अन्य ऊनी वस्त्र उपलब्ध कराए गए। छोटे बच्चों को गर्म कपड़े और सर्दी से बचाव की सामग्री मिलते ही उनके चेहरों पर उल्लास साफ झलक रहा था।
एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि अभियान का मूल उद्देश्य सिर्फ वस्तुओं का वितरण नहीं, बल्कि समाज के सबसे कमजोर वर्गों तक संवेदना और मानवीय सहयोग की गर्माहट पहुँचाना है। उन्होंने बताया कि प्रशासन, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों के सहयोग से यह पहल एक सकारात्मक सामाजिक आंदोलन का रूप ले रही है।