गढ़वा : सदर अनुमंडल स्तर पर एसडीएम की पहल पर सामाजिक सहयोग से चलाए जा रहे विशेष मानवीय पहल “आइये खुशियां बांटें” अभियान के तहत मेराल प्रखंड के दूरस्थ गांव कोटमा की आदिवासी परहिया बस्ती में पहुँचकर संबंधित टीम ने बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गजनों तक गर्म कपड़ों के माध्यम से मुस्कुराहटें पहुँचाने का प्रयास किया।

अभियान के दौरान नन्हे-मुन्हें बच्चों को गर्म कपड़े, टोपी, मोजे जैसी सामग्री दी गई। युवाओं के लिए स्वेटर, जैकेट, हुडी और अन्य ऊनी कपड़े उपलब्ध कराये गये। वहीं बुजुर्गजनों और महिलाओं को कंबल, ऊनी वस्त्र आदि प्रदान किये गये।

मौके पर एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि “आइये खुशियां बांटें” अभियान का उद्देश्य केवल वस्तुएँ देना नहीं, बल्कि समाज के उपेक्षित और दूरस्थ वर्गों तक संवेदना, सम्मान और मानवीय सहयोग की गर्माहट पहुँचाना है। यह पहल प्रशासन, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की साझेदारी से और मजबूत बनती जा रही है।

यह अभियान 28 फरवरी तक प्रतिदिन चलाया जाएगा, जिसमें गढ़वा अनुमंडल के विभिन्न गांवों, टोले-बस्तियों, आदिवासी इलाकों और जरुरतमंद परिवारों तक गर्म कपड़ों के अलावा बच्चों के लिए पठन-पाठन की वस्तुएं एवं सामग्री भी पहुँचाई जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *