मेदिनीनगर : जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के राजोगाड़ी गांव में मामूली विवाद में हुई मारपीट में घायल अनिल मिश्रा की मौत के बाद पुलिस ने मामले में नामजद दो आरोपियों में से एक टुनटुन मिश्रा को गिरफ्तार बुधवार को जेल भेज दिया है। मुख्य आरोपी टुनटुन मिश्रा भी राजोगाड़ी गांव का ही निवासी है। दरअसल, मृतक अनिल मिश्रा की पत्नी मीना देवी ने आवेदन देकर नरेश तिवारी और टुनटुन मिश्रा पर अपने पति की हत्या की प्राथमिकी दर्ज करवाई थी।

जिसके बाद पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया था। अनुसंधान में यह बात सामने आई कि15 अक्तूबर की शाम में राजोगाडी निवासी टुनटुन मिश्रा और अनिल मिश्रा के बीच मारपीट हुई थी। मारपीट में अनिल मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए थें। इलाज के दौरान 17 अक्तूबर को उनकी मौत हो गई थी। घटना की शुरुआत नशा और जुआ के दौरान हुई थी।
विवाद मारपीट में तब्दील हो गया था। मारपीट की सूचना पर राजोगाड़ी पहुंची लेस्लीगंज थाना की पुलिस ने घायल अनिल मिश्रा को तुरंत इलाज के लिए लेस्लीगंज सीएचसी में भर्ती कराया था। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेदिनीनगर के एमएमसीएच रेफर कर दिया गया था जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।