LIVE PALAMU NEWS : बॉलीवुड के ‘ही-मैन’ वेटरन एक्टर धर्मेंद्र का सोमवार, 24 नवंबर को 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने मुंबई स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली। बता दें कि धर्मेंद्र लंबे समय से अस्वस्थ थें और पिछले कुछ दिनों से अस्पताल में भर्ती थें। कुछ दिन पहले ही उन्हें घर लाया गया था, जहां उनका ट्रीटमेंट चल रहा था।

उनका अंतिम संस्कार विले पार्ले पवनहंस श्मशान घाट में किया गया। जहां देओल परिवार और कई सिनेमाई दिग्गज नजर आए। हेमा मालिनी, ईशा देओल, सनी देओल, बॉबी देओल से लेकर अमिताभ बच्चन भी इस दौरान मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र को मुखाग्नि उनके बड़े बेटे सनी देओल ने दी है।
धर्मेंद्र का जाना, हिंदी सिनेमा के एक युग के अंत जैसा है। यह दुखद और आंख नम कर देने वाला ही है कि सोमवार को ही उनकी अगली फिल्म ‘इक्कीस’ का मोशन पोस्टर रिलीज हुआ है। पिछले करीब एक महीने से धर्मेंद्र को सांस लेने सम्बंधी समस्या हो रही थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था।
वहां हालत नाजुक होने के बाद उन्हें ICU में भर्ती किया गया। हालांकि, तमाम कोशिशों के बाद भी धर्मेंद्र उम्र और बीमारी के आगे जिंदगी की जंग हार गए। उनके निधन से फिल्म इंडस्ट्री को एक गहरा धक्का लगा है।