मेदिनीनगर : पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र से हैरान करने वाली घटना सामने आई है। दरअसल, करसो गांव में 21 वर्षीया पुनीता देवी का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला। बता दें कि मात्र 13 महीने पहले ही पुनीता की शादी राकेश कुमार से हुई थी। पुनीता के मायके वालों ने उसके पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है।

इधर, रविवार को चैनपुर थाना पुलिस ने मृतका का शव कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेजा है। इस संबंध में पुनीता के चाचा संतू मेहता ने बताया कि शादी के समय चार लाख रुपए नकद और एक पल्सर बाइक दी गई थी। बावजूद उसका पति राकेश कुमार लगातार पैसे की मांग करता था। वह पुनीता के साथ मारपीट भी किया करता था।उन्होंने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है।

बताया जा रहा है कि पुनीता की मौत शनिवार की रात हुई थी। लेकिन घटना की सूचना उसके मायके के लोगों को समय पर नहीं दी गई। जब गांव के कुछ लोग करसो पहुंचे, तब जाकर उन्हें घटना की सूचना मिली। उस समय तक शव फंदे से उतारा जा चुका था।

परिजनों ने इस मामले में पति राकेश कुमार, देवर पिंटू, ननद, नंदोई और सास पर हत्या का आरोप लगाया है। इस संंबंध में चैनपुर थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिली है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *