लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर : शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक रिष्मा रमेशन के निर्देशानुसार महिला थाना प्रभारी एवं महिला थाना शहर, मेदिनीनगर की पुलिसकर्मियों की टीम ने सी.एम. स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (गर्ल्स) के.जी. स्कूल, मेदिनीनगर में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

हेल्पलाइन 112 और 1930 की दी गई जानकारी :- 

इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं को पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 एवं साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी गई एवं इनके उचित उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया। पलामू पुलिस की ओर से आयोजित इस जागरूकता अभियान में पोस्टर के माध्यम से छात्राओं को गुड टच और बैड टच की अवधारणा समझाई गई।

सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ छात्रों को किया गया जागरूक :- 

कार्यक्रम के दौरान नशा पान के दुष्परिणाम, यौन शोषण से बचाव के उपाय, बाल विवाह, दहेज प्रथा, जातिवाद, छुआछूत एवं डायन प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ छात्रों को जागरूक एवं संवेदनशील किया गया। महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर भी प्रकाश डालते हुए छात्राओं को उनके अधिकारों की जानकारी दी गई।

इसके साथ ही सोशल मीडिया और मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग के दुष्परिणामों को बताया गया। छात्राओं को शिक्षा के महत्व को समझाते हुए पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित किया गया। वहीं, विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं स्टाफ को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया और इसकी आवश्यकता व महत्त्व पर प्रकाश डाला गया।

यह जागरूकता कार्यक्रम नारी सशक्तिकरण एवं सुरक्षित समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *