सतबरवा(पलामू): सतबरवा प्रखंड सहित पांकी विधानसभा क्षेत्र में यूरिया खाद की कालाबाजारी को लेकर किसानों में गहरी नाराजगी है। किसानों का कहना है कि घुटुआ, रेवारातू, बोहिता और धावाडीह सहित पूरे प्रखंड में विभागीय उदासीनता के चलते समय पर खाद की आपूर्ति नहीं हो रही है।

सरकारी दर पर 50 किलो यूरिया खाद की बोरी की कीमत 266 रुपये है, लेकिन स्थानीय दुकानदार इसे 650 से 700 रुपये या उससे अधिक में बेच रहे हैं। मजबूरी में किसान ऊंचे दाम पर खाद खरीदने को विवश हैं,जिससे किसानों पर आर्थिक बोझ के साथ साथ खेती भी प्रभावित हो रही है।

इसी समस्या को लेकर सोमवार को पांकी विधायक के सतबरवा प्रखंड प्रतिनिधि सह सोशल मीडिया प्रभारी महेश प्रसाद यादव, सामाजिक कार्यकर्ता आशीष कुमार सिन्हा और प्रवेश कुमार यादव ने पलामू उपायुक्त समीरा एस से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
उपायुक्त ने ज्ञापन प्राप्त कर जांच कर दोषियों पर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। नेताओं ने प्रशासन से मांग किया कि किसानों को समय पर सरकारी दर पर खाद उपलब्ध कराया जाए, अन्यथा किसान आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होंगे।