CRIME NEWS : जिले से मॉब लिंचिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। जहां पड़वा थाना क्षेत्र के तेलियाही गांव में भीड़ ने एक युवक की पीट पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान पवन कुमार पड़वा थाना क्षेत्र के कोकरसा गांव निवासी के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने बैटरी चोरी के आरोप पहले उसे पकड़कर बंधक बनाया फिर बेरहमी से पिटाई कर दी।

हालांकि, इस मामले में एक नया एंगल सामने आया है। जिसके अनुसार पवन कुमार तेलियाही में एक लड़की से मिलने गया था। इस दौरान परिजनों ने उसे पकड़ लिया और बैटरी चोर बताकर ग्रामीणों के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर हत्या कर दी गई।
इधर घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में पवन को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया। हालांकि अस्पताल ले जाने के क्रम में उसकी हालत बिगड़ गई।मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कोकरसा में सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इधर इलाके में तनाव को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। डीएसपी राजेश यादव समेत कई वरीय अधिकारी इलाके में कैंप कर रहे हैं।
मॉब लिंचिंग की धाराओं में एफआईआर दर्ज की जाएगी। एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। अन्य की पहचान की जा रही है। दंडाधिकारी की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई जा रही है।
एसपी रिष्मा रमेशन
बता दें कि मृतक पवन कुमार दलित समुदाय से था, जिस कारण मामले की संवेदनशीलता और बढ़ गई है।