मेदिनीनगर : गुरुवार को उपायुक्त ने हुसैनाबाद अनुमंडल में मासिक कैंप कार्यालय का आयोजन कर लोगों की समस्याओं को सुना और उसके समाधान का आश्वासन दिया। अपनी समस्याओं को लेकर उपस्थित 70 से अधिक आमलोगों ने डीसी से मुलाकात की। डीसी ने आवेदन संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को स्थानांतरित किया और प्राथमिकता के तहत समस्या समाधान का निर्देश दिया।

कैंप कार्यालय में विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारियों ने भी आमजनों से अपने-अपने विभागों से संबंधित समस्याएं सुनकर उसका निष्पादन किया। इसके साथ ही उपायुक्त ने निर्देशित व स्थानांतरित आवेदनों का निर्धारित समयावधि में निदान करने की प्रक्रिया शुरू की। डीसी ने कहा कि अनुमंडल स्तर पर आयोजित कैंप कार्यालय से स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है।

पदाधिकारी उनके नजदीक पहुंचकर उनकी समस्याएं दूर कर रहे हैं। जिससे आमलोगों को समय और आर्थिक बचत हो रही है। इस दौरान हुसैनाबाद लंबी गली निवासी दिव्यांग प्रह्लाद ठाकुर ने उपायुक्त के समक्ष बैटरी वाली गाड़ी उपलब्ध कराने की मांग की। उपायुक्त ने जिला में गाड़ी की उपलब्धता के उपरांत उन्हें प्राथमिकता के तहत उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

वहीं हैदर नगर निवासी रजी अहमद खॉ ने सरकारी भूमि की बंदोबस्ती से संबंधित आवेदन दिया. उपायुक्त ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी को जांच का आदेश दिया। इसके अलावा अन्य लोगों ने भी अपनी समस्याओं से उपायुक्त को अवगत करवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *