गढ़वा : शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अमन कुमार की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार कक्ष में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की शुरुआत में सभी थाना द्वारा लंबित IIF-5 के अद्यतन अपलोड पर पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारी को बधाई दी।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुराने लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, नक्सल कांडों की प्राथमिकता के आधार पर समीक्षा, नियमित सघन वाहन चेकिंग, Netgrid सॉफ्टवेयर का व्यापक उपयोग, प्रतिबिंब पोर्टल से प्राप्त मोबाइल नंबरों का समय पर सत्यापन, तथा थाना क्षेत्र में रोड सेफ्टी और साइबर सुरक्षा से जुड़े जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया।

इसके अलावा सड़क दुर्घटना एवं SC/ST कांडों में मुआवजा प्रस्ताव भेजने, ब्लैक स्पॉट की पहचान कर दुर्घटनाओं में कमी लाने, वाहन चेकिंग के दौरान रक्षक ऐप में विवरण दर्ज करने, कैदियों की फिंगरप्रिंट प्रविष्टि नफीस में सुनिश्चित करने, पिछले माह के दर्ज कांडों की समीक्षा कर अनुसंधान में तेजी लाने, DGP एवं IGP पोर्टल में थानावार प्रविष्टि अद्यतन करने तथा एससी/एसटी और पॉक्सो एक्ट से संबंधित मामलों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।

पासपोर्ट/चरित्र सत्यापन, वारंट-कुर्की निष्पादन, ड्रंक ड्राइविंग, चोरी, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, साइबर क्राइम, JOFS, पीजी पोर्टल, एनडीपीएस, CCA, IT एक्ट तथा ई-साक्ष्य पर कांडों की एंट्री से जुड़े मामलों में भी सभी थाना/ओपी प्रभारी को सख्ती और गति लाने के लिए निर्देशित किया गया।

गोष्ठी के दौरान यशोधरा (पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय) और राहुल देव बड़ाइक (अपर पुलिस अधीक्षक, अभियान) को अपने नेतृत्व में सभी थाना में IIF-5 अद्यतन कराने के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं नीरज कुमार (अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गढ़वा) और सुनील कुमार तिवारी (पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी, गढ़वा) को ज्वेलरी शॉप लूटकांड का त्वरित उद्भेदन करने के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

गोष्ठी के बाद पुलिस सभा का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों की समस्याएं सुनी गईं। पुलिस अधीक्षक ने समस्याओं के त्वरित और संभावित समाधान हेतु संबंधित शाखाओं को आवश्यक निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *