लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिले में एसएसटी द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत मंगलवार को हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के जपला-छतरपुर मुख्य मार्ग पर गमहरबीघा-रपुरा गांव के पास एक बोलेरो वाहन से 2 लाख 32 हजार 500 रुपये नकदी बरामद किए गए। बताया जा रहा है कि वाहन की तलाशी के दौरान एक नीले रंग के झोले से नकदी बरामद की गई है।
गाड़ी में सवार भाजपा नेता योगेंद्र सिंह उर्फ गुड्डू सिंह और अन्य व्यक्तियों से इस रकम के बारे में पूछताछ की गई। हालांकि, वे कैश के स्रोत या उद्देश्य के बारे में कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए और न ही नकदी से संबंधित कोई दस्तावेज पेश कर सके।
इस संबंध में हुसैनाबाद थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में संदेह जताया जा रहा है कि इस धनराशि का इस्तेमाल चुनाव प्रचार के दौरान मतदाताओं के बीच वितरण के लिए किया जा सकता था। इसलिए एसएसटी ने इसे तत्काल जब्त कर लिया और मामले की सूचना वरीय अधिकारियों को दी गई है।
