गढ़वा : स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर गढ़वा जिला परिवहन पदाधिकारी के निर्देशानुसार सोमवार को मोटरयान निरीक्षक गढ़वा मनीष कुमार ने BSKD Public School, NPS public school और Oxford Public School की जाँच की। इस दौरान उन्होंने बसों की वर्तमान स्थिति और सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि बच्चों को सुरक्षित परिवहन सेवा प्रदान करना विद्यालय प्रबंधन की जिम्मेदारी है, जिसके तहत वाहनों का पंजीकरण, फिटनेस, परमिट, बीमा, मेडिकल किट, फायर इंस्टींग्विशर एवं चालक की योग्यता आदि का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी वाहन जो व्यावसायिक प्रयोजन में उपयोग हो रहे हैं, उन्हें अनिवार्य रूप से परमिट प्राप्त करना होगा, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
GPS ट्रैकर की अनिवार्यता :
उन्होंने सभी स्कूलों को वाहनों में GPS ट्रैकर अनिवार्य रूप से लगे होने का निर्देश दिया। जिससे संचालन की निगरानी एवं बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। वहीं किसी भी बस में निर्धारित सीटों से अधिक बच्चों को न बैठाए जाने का भी निर्देश दिया।
चालकों व खलासियों की पृष्ठभूमि की जाँच :
जिला परिवहन पदाधिकारी ने सुरक्षा दृष्टिकोण से सभी स्कूलों को बस चालकों एवं खलासियों का चरित्र प्रमाण पत्र बनवाकर डीटीओ कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया।
गति नियंत्रण:
इस दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नीरज कुमार ने सभी को आगाह किया कि बसों की गति सीमा नियंत्रण में होनी चाहिए और किसी भी स्थिति में अधिक बच्चों को न बैठाया जाए।
आपातकालीन हेल्पलाइन 112 का प्रचार :
उपस्थित पदाधिकारियों हेल्पलाइन नंबर 112 की जानकारी देते हुए सभी विद्यालयों एवं बसों में इसे प्रमुख रूप से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया।