लातेहार : जिले के सदर थाना क्षेत्र के आरागुंडी गांव के समीप हाइवा की चपेट में आकर मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान राधेश्याम उरांव सदर थाना क्षेत्र के तुबेद गांव निवासी के रूप में हुई है।

स्थानीय लोगों ने घटना के विरोध में हाइवा में आग लगा दी है। इधर घटना की सूचना पर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस की टीम घटनास्थल पहुंची व मामले की जांच में जुट गई। वहीं लातेहार से दमकल बुलाकर आग बुझाने का प्रयास किया गया। लेकिन जब तक आग बुझ पाती तब तक हाइवा पूरी तरह जल चुका था।
क्या है मामला :
दरअसल, लातेहार सदर थाना क्षेत्र के उदयपुरा-बालूमाथ पथ पर तेज रफ्तार हाइवा आ रही थी। वहीं विपरीत दिशा से राधेश्याम अपनी बाइक से आ रहा था। इसी दौरान आरागुंडी गांव के पास मुख्य पथ पर तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में राधेश्याम आ गया। जिससे घटनास्थल पर ही बाइक सवार की मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोग आक्रोशित होकर हाइवा में आग लगा दी।