मेदिनीनगर: नगर निगम मेदिनी नगर के नगर आयुक्त जावेद हुसैन ने आज लायंस क्लब ऑफ मेदिनीनगर की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में क्लब के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं सदस्यों की उपस्थिति में डॉ. प्रवीण सिद्धार्थ ने श्री हुसैन को क्लब की सदस्यता प्रदान की।

सदस्यता समारोह के दौरान डॉ. प्रवीण सिद्धार्थ ने लायंस क्लब के उद्देश्य, सामाजिक दायित्व और कार्यपद्धति पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि लायंस क्लब न केवल सामाजिक सेवा का प्रतीक है, बल्कि यह समाज में सकारात्मक बदलाव लाने हेतु सतत रूप से कार्य करता रहा है।
सीपीआर प्रशिक्षण और औचक हृदयाघात से बचने के तरीकों पर होगा कार्यक्रम का आयोजन : डॉक्टर सिद्धार्थ
कार्यक्रम में विशेष रूप से आगामी परियोजनाओं पर भी चर्चा की गई। डॉ. सिद्धार्थ ने बताया कि लायंस क्लब मेदिनी नगर द्वारा एक विशाल सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) प्रशिक्षण और औचक हृदयाघात से बचने के तरीकों पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें आम नागरिकों, स्कूल शिक्षकों, नगर निगम कर्मचारियों, सफाई मित्रों एवं स्वंयसेवकों को जीवन रक्षक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसके साथ ही पलामू जिले को हरा भरा बनाने के उद्देश्य से हरेक मुहल्ले में स्वयंसेवक बनाए जाएंगे ताकि आने वाले मॉनसून में ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाए जा सकें।
स्वास्थ्य के क्षेत्र में जागरूकता बढ़ाने के लिए पहल आवश्यक : नगर आयुक्त
इस पर नगर आयुक्त जावेद हुसैन ने न केवल सहमति जताई, बल्कि इस प्रशिक्षण शिविर को नगर निगम के टाउन हॉल में आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में जागरूकता बढ़ाने के लिए इस प्रकार की पहलें अति आवश्यक हैं और नगर निगम इसका हरसंभव सहयोग करेगा। इस कार्यक्रम में शहर के नामचीन डॉक्टरों, स्वास्थ्य विशेषज्ञों एवं संस्थानों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस परियोजना में लायंस क्लब के विचारों और अनुभवों को भी प्राथमिकता दी जाएगी। नगर आयुक्त ने लायंस क्लब के सामाजिक कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि आने वाले समय में नगर निगम द्वारा संचालित प्रत्येक सामाजिक अभियान में लायंस क्लब को सहभागी संस्था के रूप में सम्मिलित किया जाएगा। इससे दोनों संस्थाएं मिलकर नागरिकों के हित में प्रभावी कार्य कर सकेंगी।
क्लब के सभी सदस्यों ने नगर आयुक्त का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ एवं बधाइयाँ दीं और आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में शहर की सामाजिक और भौतिक संरचना में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलेगा।
ये रहे उपस्थित :-
इस अवसर पर लायंस क्लब के अध्यक्ष डॉ प्रवीण सिद्धार्थ, सचिन निलेश चंद्र, कोषाध्यक्ष डॉ निशांत, कार्यकारिणी सदस्य गुरवीर सिंह, रोहित जैन, विकास शेट्टी एवं रणजीत मिश्रा उपस्थित रहें। सभी ने एकमत होकर समाज सेवा के क्षेत्र में मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई।