मेदिनीनगर : हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के पतरा कला निवासी जगनारायण यादव(47वर्ष) की बेरहमी से पिटाई के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उन पर छह-सात लोगों ने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। बताया जा रहा है कि जगनारायण यादव बराही से जमीन देखकर वापस लौट रहे थे।

इसी दौरान चौवा चट्टान गांव के पास घात लगाकर बैठे लोगों ने उन पर हमला कर दिया। उन्हें बुरी तरह पीटा गया और घायलावस्था में चौहान मोड़ के पास जपला-छतरपुर मुख्य सड़क किनारे फेंक दिया गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद ले जाया गया। जहां से डॉक्टरों ने उन्हें मेदिनीनगर रेफर कर दिया। बाद में बेहतर इलाज के लिए रिम्स भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

परिजनों ने मामले में सात लोगों पर हमला का आरोप लगाया गया है। आरोपितों में मिथलेश यादव (42), राकेश कुमार यादव (23), सुजीत कुमार यादव (20) निवासी पतरा कला, तथा श्रीराम यादव (52), विनय यादव (45), बिरेन्द्र यादव (41) और जितेन्द्र यादव (40) माधेच्छरी निवासी शामिल हैं।

परिवारवालों ने आरोप लगाया कि गांव में ओझा-गुनी और भूत-प्रेत को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में जगनारायण यादव की हत्या की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *