मेदिनीनगर : पलामू जिले के नवाबाजार सीओ शैलेश कुमार को एसीबी ने घूस लेते रंगेहाथ धर दबोचा है। वे जमीन म्यूटेशन के नाम पर 30 हजार रूपये घूस ले रहे थें। इसी दौरान एसीबी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से जिले भर के सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है।

बता दें कि इटको पंचायत के पूर्व मुखिया अजय गुप्ता उर्फ दीपक गुप्ता ने एसीबी में शिकायत दर्ज करवाई थी कि सीओ जमीन के म्यूटेशन के लिए 30 हजार रुपए की मांग कर रहे हैं। पूर्व मुखिया ने अपनी पत्नी के नाम पर जमीन खरीदी थी। वहीं उनके एक मित्र ने भी साथ में जमीन ली थी।
अजय ने बताया कि सीओ ने धमकी दी थी कि पैसे नहीं देने पर 90 दिनों के बाद म्यूटेशन का आवेदन रिजेक्ट कर दिया जाएगा। जिसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत एसीबी से की। जिसके बाद एसीबी ने कार्रवाई करते हुए कार्यालय में जैसे ही रिश्वत की राशि दी गई, सीओ को पकड़ लिया।