लाइव पलामू न्यूज/लातेहारः जिले से बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां विगत रात्रि नक्सलियों ने लेवी के लिए एक व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या कर दी। मृतक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के उलगाड़ा निवासी वार्ड सदस्य बाल गोविंद साव के रूप में हुई है। बाल गोविंद साव उलगाड़ा गांव में औरंगा नदी पर बना रहे पुल निर्माण कार्य में मुंशी का कार्य करते थें। दरअसल विगत रात्रि पुल निर्माण कार्य के साइडिंग पर बाल गोविंद तथा तथा एक अन्य मुंशी रुके हुए थें।

इसी दौरान करीब 8 की संख्या में झारखंड संघर्ष जन्म मुक्ति मोर्चा के नक्सली घटना स्थल पर पहुंचे और मुंशी बाल गोविंद को पकड़ कर अपने साथ नदी के किनारे ले गए। जहां उन्होंने बाल गोविंद की जमकर पिटाई की। उसके बाद धारदार हथियार से मारकर उसकी हत्या कर दी। वहीं नक्सलियों ने घटनास्थल पर प्रदीप सिंह के नाम से एक पर्चा भी फेंका है और घटना की जिम्मेदारी ली है। पर्चे में लिखा हुआ है कि ठेकेदार की गलती के कारण मुंशी की हत्या की गई है।


इब संबंध में मृतक के पुत्र अरविंद साहू ने बताया कि उनके पिता गांव के वार्ड सदस्य भी थें। पिछले कुछ महीनों से वह पुल निर्माण कार्य में मुंशी का काम भी कर रहे थें। अरविंद ने बताया कि नक्सलियों ने रंगदारी के लिए संवेदक को धमकी दी है हमें इसकी खबर थी। वहीं धमकी के बाद घर वालों ने उन्हें मुंशी का काम छोड़ने की बात कही थी। वे दिसंबर माह के बाद मुंशी का काम छोड़ देते। लेकिन इससे पहले ही उनकी हत्या हो गई। इधर घटना की सूचना पर रात में पुलिस की टीम घटना स्थल पर पहुंची व मामले की जांच में जुट गई।

इधर, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस द्वारा मृतक के शव को घटना स्थल से उठाने पर रोक लगा दी। ग्रामीणों का कहना था कि मृतक के परिजनों को सरकारी नौकरी के साथ 10 लाख रुपए मुआवजा भी दिया जाए।

इस संबंध में लातेहार पुलिस इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार सिन्हा ने बताया कि बीती रात पुलिस को सूचना मिली थी कि पुल निर्माण कार्य में लगे मुंशी की नक्सलियों ने पिटाई की है। सूचना के बाद पुलिस तत्काल घटना स्थल पहुंची। वहां पहुंचने पर पता चला कि मुंशी की हत्या हो गई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *