मेदिनीनगर : आईजी कारा के निर्देश पर जल्द ही कुख्यात डॉन सुजीत सिन्हा को पलामू सेंट्रल जेल में शिफ्ट किया जाएगा। फिलहाल वह चाईबासा जेल में है। बता दें कि सुजीत सिन्हा पलामू के रेडमा का रहने वाला है। सुजीत सिन्हा पर झारखंड के कई जिलों में आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने का आरोप है।

उस पर अकेले पलामू में ही 20 से अधिक आपराधिक घटनाओं में शामिल होने का आरोप है। सुजीत सिन्हा हाल के दिनों में कई मुकदमों में बरी भी हुआ है। उसको पलामू सेंट्रल जेल में शिफ्ट करने संबंधी आदेश के बाद हाई अलर्ट जारी किया गया है। सुजीत सिन्हा के पलामू सेंट्रल जेल में शिफ्ट किए जाने के आदेश की पुष्टि पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने की है। पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) का टॉप कमांडर दिनेश गोप भी पलामू सेंट्रल जेल में बंद है। एनआईए सुजीत सिन्हा के खिलाफ जांच कर रही है।

उस पर पलामू में रेलवे के फ्रेट कॉरिडोर निर्माण स्थल के साथ नेशनल हाइवे कंस्ट्रक्शन साइट पर भी हमला करने का आरोप है। सुजीत सिन्हा पर रांची, हजारीबाग, लातेहार, चतरा, रामगढ़, पलामू समेत कई इलाकों में आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने और गिरोह को चलाने का आरोप है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *