सतबरवा (पलामू): प्रखंड के घुटुवा पंचायत अंतर्गत सेरेनदाग गांव में सामाजिक कार्यकर्ता आशीष कुमार सिन्हा और पांकी के विधायक प्रतिनिधि सह सोशल मीडिया प्रभारी महेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में हूल दिवस के अवसर पर सिद्धो-कान्हू, फुलो-झानो सहित सभी संथाल हूल के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।

उपस्थित ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रतिनिधियों ने वीर शहीदों के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया।सामाजिक कार्यकर्ता आशीष कुमार सिन्हा ने कहा कि 1855 में इसी दिन संथाल विद्रोह के माध्यम से सिद्धो-कान्हू ने ब्रिटिश हुकूमत की नींव हिला दी थी। उन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर हमें स्वाभिमान और स्वतंत्रता का पाठ पढ़ाया। आज के युवाओं को उनके साहस, संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेकर समाजहित में कार्य करना चाहिए।

वहीं विधायक प्रतिनिधि सह मीडिया प्रभारी महेश यादव ने कहा कि सिद्धो-कान्हू, फुलो-झानो ने जो क्रांति शुरू की, वह भारत के स्वतंत्रता संग्राम का प्रथम चरण था। उनके बलिदान को भुलाया नहीं जा सकता। हमें उनके आदर्शों पर चलकर सामाजिक एकता और न्याय की भावना को मजबूत करना होगा।

इस अवसर पर नंदेव सिंह, मोहन सिंह, बबन सिंह, सुरजन सिंह, कर्म दयाल सिंह, दीपक सिंह, योगेन्द्र सिंह, फुलमती देवी, बनौधी यादव, प्रवेश यादव, अशर्फी यादव, शंकर यादव, रामधनी यादव, हिरामन यादव, कमलेश यादव, विकास यादव, अवधेश सिंह खरवार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

रिपोर्ट : प्रेम पाठक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *