गढ़वा : संविधान दिवस के मौके पर बुधवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त दिनेश यादव की अध्यक्षता में सभी वरीय पदाधिकारियों, कार्यालय प्रधान व कार्यालय कर्मियों ने संविधान की प्रस्तावना पढ़ संविधान द्वारा दिए अधिकारों व दायित्वों का ईमानदारी से अनुपालन करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि संविधान दिवस हर साल 26 नवंबर को मनाया जाता है, जिस दिन भारत के संविधान मसौदे को अपनाया गया था। 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान लागू होने से पहले 26 नवंबर 1949 को इसे अपनाया गया था।

सरकार ने 19 नवंबर, 2015 को राजपत्र अधिसूचना की सहायता से 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में घोषित किया था। उन्होंने संविधान दिवस की बधाई सभी को दी। साथ ही पदाधिकारियों/कर्मियों को संविधान द्वारा दिए अधिकारों व दायित्वों का कार्य भी ईमानदारी से अनुपालन करने को कहा।
इस मौके पर संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को भारतीय संविधान का निर्माता और मुख्य वास्तुकार कहा जाता है क्योंकि वे संविधान की प्रारूपण समिति के अध्यक्ष थे और उन्होंने संविधान को अंतिम रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
संविधान दिवस के मौके पर जिले के सभी प्रखंड, अंचल, थाना व सभी सरकारी कार्यालयों में भी संविधान की प्रस्तावना पढ़ संविधान द्वारा दिए गयें अधिकारों व दायित्वों का ईमानदारी से अनुपालन करने का संकल्प लिया गया।
ये रहे उपस्थित :
इस दौरान मुख्य रूप से उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी संजय प्रसाद, जिला परिवहन पदाधिकारी धीरज प्रकाश, जिला पंचायत राज पदाधिकारी प्रमेश कुशवाहा, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुशील कुमार राय, अभियान एसपी राहुल कुमार बड़ाइक, पुलिस उपाधीक्षक यशोधरा समेत अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कार्यालय कर्मी मौजूद थें।