मेदिनीनगर : बुधवार की शाम मनातू थाना क्षेत्र के जगराहा गांव में एक दर्दनाक हादसे में डेढ़ वर्षीय मासूम की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान आर्यन कुमार गांव निवासी सोनू भुइयां के पुत्र के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि बुधवार शाम आर्यन अपने घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान गांव के ही योगेश्वर यादव का ट्रैक्टर उसी रास्ते से गुजर रहा था, जिसकी चपेट में आने से आर्यन गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए मनातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने आर्यन कुमार को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
इधर, घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल पुलिस चौकी के पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस जवान विकास कुमार और महेंद्र कुमार अस्पताल पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की।