लाइव पलामू न्यूज़/गढ़वा: सोमवार को समाहरणालय सभागार में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान 2024 के सफल आयोजन हेतु उपायुक्त -सह- अध्यक्ष, जिला जल एवं स्वच्छता समिति शेखर जमुआर की अध्यक्षता में एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। उपायुक्त एवम् अन्य पदाधिकारियों ने द्वीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। बैठक में उपायुक्त ने 17 सितंबर से 02 अक्टूबर 2024 तक स्वच्छता ही सेवा अभियान को सफल बनाने हेतु प्रमुखता से जिला स्तरीय सभी वरीय पदाधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।
इसके साथ ही सभी पदाधिकारियों एवम कर्मियों को यह निर्देश दिया गया कि राज्य स्तर से प्राप्त प्रतिदिन के कार्यक्रम के अनुसार अपने-अपने प्रखंडों के सभी ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित कराना सुनिश्चित करेंगे। उपायुक्त ने कार्यशाला में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवम् कर्मियों को स्वच्छता शपथ भी दिलाया।
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत मनाए जा रहे कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता और सफाई के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाना है एवं उक्त कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य ‘स्वच्छता ही सेवा’ पहल के लिए कार्यान्वयन रणनीतियों पर चर्चा करना, स्वच्छता अभियानों में सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना, जिले में चल रहे स्वच्छता अभियानों की प्रगति की समीक्षा करना आदि है।