लाइव पलामू न्यूज/गढ़वा: बुधवार को बंशीधर नगर-भवनाथपुर मुख्य मार्ग पर मकरी गांव के समीप एक टैंपो दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गयी वहीं उसकी पत्नी और पांच बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के कोलझिकी गांव निवासी दशरथ भुइंया (35 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में तेतरी देवी (30 वर्ष), उनका 15 दिन का दूधमुंहा बच्चा, चंदन कुमार (7 वर्ष), चंपा कुमारी (5 वर्ष), चमेली कुमारी (3 वर्ष) और रोशन कुमार (2 वर्ष) का नाम शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि दशरथ अपने परिवार के साथ टैंपो से मकरी स्थित ईंट भट्ठा में काम करने जा रहा था। इसी दौरान टैंपो एक बिजली के पोल से टकरा गया। जिससे टैंपो दुर्घटनाग्रसत हो गया। स्थानीय लोगों ने सभी को इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान दशरथ भुइंया की मृत्यु हो गई। इधर घायलों का इलाज सदर अस्पताल में जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
