जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया राज्य स्थापना दिवस
लातेहार : धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा की 150वीं जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती के उपलक्ष्य में आज 15 नवंबर को टाउन हॉल, लातेहार में विविध कार्यक्रमों से परिपूर्ण विकास मेला का भव्य आयोजन किया गया।

इस दौरान माननीय विधायक मनिका रामचंद्र सिंह, उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता, पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव, वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रवेश अग्रवाल एवं जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी समेत उपस्थित जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर विधिवत रूप से कार्यक्रम का शुभांरभ किया गया।
मौके पर विधायक मनिका रामचंद्र सिंह ने जिलेवासियों को भगवान बिरसा मुण्डा की जयंती एवं राज्योत्सव की बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा आदिवासी अस्मिता, संघर्ष और सामाजिक न्याय के अमर प्रतीक हैं।
उनकी जयंती पर आयोजित विकास मेला जनता को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने और उन्हें योजनाओं का सीधा लाभ प्रदान करने का प्रभावी माध्यम है। आगे उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुण्डा एवं राज्य स्थापना दिवस के मौके पर हम सभी जिले के विकास में अपना योगदान देने का संकल्प लें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने सभी को धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा की जयंती और झारखंड राज्य स्थापना दिवस की बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज गौरव का दिन है कि आज हम सभी झारखण्ड राज्य के 25वें स्थापना दिवस को मना रहे हैं।
आज ही के दिन भारत देश के 28वें राज्य के रूप में झारखण्ड राज्य का गठन हुआ था। आज हमारे धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा जिन्होंने ब्रिटिश के खिलाफ उलगुलान का नेतृत्व किया था, उनकी 150वीं जयंती भी मना रहे है। साथ ही सिद्ध कान्हो, चांद भैरव, गया मुण्डा, पोटो हो, नीलाम्बर-पीताम्बर जैसे देशभक्तों ने इस क्षेत्र की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था।
स्वतंत्रता के पश्चात् झारखण्ड आंदोलन जोर पकड़ने लगा और अन्ततः 15 नवम्बर, 2000 को झारखण्ड राज्य का गठन हुआ। साथ ही झारखण्ड आंदोलन के अगुवा रहे दिशोम गुरू शिबु सोरेन जी को हम नमन करते हैं। आगे उन्होंने कहा कि आप सभी तमाम जनप्रतिनिधि एवं आमजनों के सहयोग से हम विकास के पथ पर अग्रेसर है। सरकार द्वारा संचालित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का सुचारू रूप से क्रियान्वयन किया जा रहा है।
लोगों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। किसानों के हित में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं, जिससे कृषि क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। राज्य और जिला का निरंतर विकास हो रहा है। जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में भी आज विकास की स्पष्ट झलक दिखाई दे रही है। विभिन्न व्यवसायों से लोग जुड़कर आत्मनिर्भर बन रहे हैं, जो जिले की प्रगति का महत्वपूर्ण संकेत है। आगे उन्होंने कहा कि “जिले का सर्वांगीण विकास सभी के सहयोग से संभव हुआ है। भविष्य में भी आप सभी का सहयोग अपेक्षित है।” इस अवसर पर उपायुक्त के द्वारा जिले में किए जा रहे प्रमुख विकासात्मक कार्यों एवं उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुण्डा के कार्य एवं उनका बलिदान हमारे लिए प्रेरणास्रोत है। सरकार के द्वारा संचालित सभी योजनाओं का लाभ लाभुकों तक पहुँचाने लिए जिला प्रशासन की टीम पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक मंच पर स्कूली बच्चों ,स्थानीय कलाकारों द्वारा पारंपरिक नृत्य, नाटक एवं आदिवासी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का रंगारंग प्रदर्शन किया गया, जिसने दर्शकों को झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया। इस दौरान झारखंड आंदोलनकारियों के योगदान को नमन करते हुए उनको शाल एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
Run for Jharkhand प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। स्कूली बच्चों को भी उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों एवं उपलब्धियों पर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों में उत्साह का संचार हुआ।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ माननीय विधायक मानिक रामचंद्र सिंह, उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता के द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त, उप विकास आयुक्त, डीआरडीए निदेशक सहित अन्य अधिकारियों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर जिले में सुरक्षित रक्त उपलब्धता के लिए प्रेरणादायक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है तथा ऐसे अभियानों से जरूरतमंदों को समय पर जीवनरक्षक सहायता मिलती है।
इसके पश्चात माननीय अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल का अवलोकन किया। इन स्टॉलों में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, आजीविका गतिविधियों, स्वास्थ्य सेवाओं, कौशल विकास कार्यक्रमों, कृषि नवाचारों और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदर्शित की गई।
विकास मेला कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्ति का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी, आईटीडीए निदेशक प्रवीण कुमार गगराई, अपर समाहर्ता रामा रविदास, निदेशक डीआरडीए प्रभात रंजन चौधरी, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार श्री अजय कुमार रजक, जिला स्तरीय पदाधिकारी, जिला परिषद सदस्य एवं गणमान्य लोग , प्रबुद्धजन , स्कूली छात्र– छात्राएं, बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थें।