लातेहार : संपूर्णता अभियान कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन को लेकर शनिवार को महुआडांड़ प्रखंड सभागार में उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु संचालित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की बिंदुवार समीक्षा की गई।

उप विकास आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि संपूर्णता अभियान के तहत चिन्हित सूचकांकों में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के लिए विभागीय समन्वय के साथ कार्य करें।
उन्होंने कहा कि अभियान से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किए जाएं तथा प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। साथ ही आमजन तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने एवं लाभुकों का अधिकाधिक आच्छादन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।