लाइव पलामू न्यूज/गढ़वा : गुरूवार को जिले के मेराल प्रखंड अंतर्गत उच्च विद्यालय पेशका के मैदान में आयोजित आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शिरकत की। इस दौरान मुख्यमंत्री सोरेन,गढ़वा विधायक व झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता, पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर, मनिका विधायक रामचंद्र सिंह आदि ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने गढ़वा एवं लातेहार जिले का 1631 करोड़ रूपये से अधिक की योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास एवं परिसंपतियों का वितरण किया। मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पारंपरिक गीत, नृत्य के साथ पत्तों की टोपी पहनाकर पुष्प गुच्छ एवं अंग वस्त्र देकर भव्य स्वागत किया गया। मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार रांची हेडक्वार्टर से चलने वाली सरकार नहीं है। बल्कि आपके गांव, आपके द्वार से चलने वाली सरकार हैæ। हमने सभी अधिकारियों को यह निर्देश दे रखा है कि वे हर हाल में गांव तक पहुंचे एवं जनता की समस्याओं का निदान करें।
उन्होंने आगे कहा कि झारखंड में व्यापारियों एवं पूंजीपतियों की गिद्ध नजर पड़ गई है। देश के सबसे पिछड़े राज्य झारखंड को सदियों से लूटा खसोटा गया है। जब हम केंद्र से अपने राज्य का हक मांगते हैं तो केंद्र सरकार झूठे मुकदमे में फंसाकर जबरन जेल भेज देती है। अब जब राज्य में विधानसभा चुनाव होने वाला है। देश के प्रधानमंत्री सहित दर्जन भर मुख्यमंत्री एक तरफ हैं और एक तरफ गरीब बेटा/ आपका भाई एक तरफ।
हमें आपकी ताकत की जरूरत है। वहीं मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा कि राज्य में बनाई गई नियोजन नीति को भाजपा ने कोर्ट से रोक लगवाकर युवाओं का रोजगार छीन लिया है। अब महिलाओं को सशक्तिकरण के लिए दिये जा रहे एक हजार रूपये प्रतिमाह को भी रोकने के लिये भाजपा ने कोर्ट में याचिका दायर की है। हम किसी भी कीमत पर बेटी बहनों का अधिकार लूटने नहीं देंगे।
किसी भी हाल में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना को बंद नहीं होने दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों ने राज्य का सिर्फ दोहन किया है। वर्ष 2019 से पूर्व किसी भी सरकार ने जनता की चिंता नहीं की। उन्होंने कहा कि राज्य में जब विकास का बेहतर काम हो रहा है तब केंद्र सरकार को बांग्लादेशी घुसपैठ नजर आ रहा है। देश की सीमाओं की रक्षा करना एवं घुसपैठ रोकना केंद्र सरकार की जिम्मेवारी है।
जनता इसे भली भांति जानती है। अब जनता किसी के बहकावे में आने वाली नहीं है। मौके पर पलामू कमिश्नर बालकिशुन मुंडा, सचिव विजय वर्मा, आईजी नरेंद्र कुमार सिंह, डीआईजी वाई एस रमेश, लातेहार डीसी गरिमा सिंह, गढ़वा एसपी दीपक पांडेय, लातेहार एसपी कुमार गौरव समेत अन्य पदाधिकारी, कर्मी समेत काफी संख्या में लोग उपस्थित थें।