लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर : पलामू पुलिस जल्द ही कोयलांचल के कुख्यात डॉन विकास तिवारी को रिमांड पर लेगी। कोर्ट ने विकास तिवारी को रिमांड पर लेने की अनुमति दे दी है। दरअसल दो महीने पहले पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र में हुए गैंगवार में पांडेय गिरोह के संचालक गैंगस्टर भरत पांडेय और दीपक साव की हत्या हुई थी।

जिसके बाद यह बात सामने आई थी कि कोयलांचल के इलाके में वर्चस्व की लड़ाई में भरत और दीपक मारे गए थे। भरत के परिजनों ने कुख्यात डॉन विकास तिवारी समेत कई के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई थी। पलामू पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए कोयलांचल के दो चर्चित चेहरों को गिरफ्तार भी किया था।
अब पलामू पुलिस दोहरे हत्याकांड के नामजद आरोपी विकास तिवारी को रिमांड पर लेगी। इस संबंध में चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने बताया कि दोहरे हत्याकांड में विकास तिवारी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। कोर्ट ने इसकी अनुमति दे दी है।
बता दें कि इस मामले में एसआईटी भी गठित की गई है। एसआईटी में सदर एसडीपीओ मणि भूषण प्रसाद समेत एक दर्जन के करीब पुलिस अधिकारी शामिल हैं। एसआईटी इस मामले में अब तक रामगढ़, हजारीबाग, रांची समेत कई इलाकों में छापेमारी कर चुकी है। पुलिस के हाथ इस मामले में कई सुराग लगे हैं।