गढ़वा : मंगलवार की रात गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बडी सफलता हासिल की है।दरअसल, अवैध हथियार के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। गढ़वा थाना क्षेत्र के खोनहर निवासी अखिलेश चंद्रवंशी उर्फ अखिलेश राम को गिरफ्तार किया है। उसके पास से दो देसी कट्टा बरामद किया है।

यह कार्रवाई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नीरज कुमार के नेतृत्व में गठित छापामारी दल द्वारा की गई। दरअसल, पुलिस अधीक्षक को 17 जून 2025 को रात करीब 8:50 बजे सूचना मिली थी कि तिलदाग चौक से खोनहर मंदिर की ओर एक व्यक्ति पैदल जा रहा था। उसके पास अवैध हथियार है। इसके आलोक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक छापामारी दल गठित किया गया।

टीम ने रात 9:45 बजे तिलदाग चौक से खोनहर मंदिर की ओर जाने वाली सड़क पर स्थित एक राइस मिल के पास उस व्यक्ति को देखा। पुलिस को देखते ही वह व्यक्ति भागने लगा, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान अखिलेश चंद्रवंशी उर्फ अखिलेश राम, उम्र 44 वर्ष, पिता स्वर्गीय हरदेव राम, निवासी खोनहर, वार्ड संख्या 9, थाना+जिला गढ़वा के रूप में हुई। उसकी तलाशी लेने पर एक देसी कट्टा बरामद हुआ।

पूछताछ में उसने बताया कि करीब डेढ़ माह पूर्व बनपुरवा निवासी अरुण दुबे ने उसे दो हथियार रखने को दिया था, जिसमें एक उसके पास था और दूसरा उसके घर में रखा है। पुलिस ने घर पर छापेमारी कर दूसरे देसी कट्टा को भी बरामद कर लिया।

छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गढ़वा नीरज कुमार, प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक चिरंजीवी मंडल, थाना प्रभारी बृज कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक प्रदीप यादव, जनार्दन राउत, सहायक अवर निरीक्षक अभिमन्यु कुमार सिंह, समीम अंसारी, प्रसिद्ध राम तथा आरक्षी अरविन्द चौधरी और उत्तम कुमार शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *