मेदिनीनगर : आगामी 15-16 दिसंबर को दिल्ली स्थित तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में आयोजित होने वाली 36वीं नेशनल जीत-कुन्डो चैम्पियनशिप में संत मरियम विद्यालय के चार चयनित मार्शल-आर्ट्स खिलाड़ी भाग लेंगे। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में विद्यालय का प्रतिनिधित्व उज्जवल राज, हर्ष मेहता, आदित्य वर्धन एवं आयान सिद्धकी करेंगे।

खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देकर किया गया विदा :
यह प्रतियोगिता द स्पोर्ट्स जीत-कुन्डो फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर से चयनित मार्शल-आर्ट्स खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए संत मरियम विद्यालय की टीम 14 दिसंबर को दिल्ली के लिए रवाना होगी। टीम का नेतृत्व मुख्य मार्शल-आर्ट्स प्रशिक्षक क्योन्शि डॉ. संतोष कुमार करेंगे, जबकि टीम मैनेजर के रूप में शमशेर अंसारी को नियुक्त किया गया है।
टीम के प्रस्थान से पूर्व विद्यालय परिसर में संक्षिप्त कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यालय के चेयरमैन श्री अविनाश देव एवं उप प्राचार्य एस. बी. शाहा ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देकर विदा किया।
राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे खिलाड़ी : अविनाश देव
मौके पर चेयरमैन अविनाश देव ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को भी सुदृढ़ करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यालय के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, मेदिनीनगर एवं झारखंड का नाम रोशन करेंगे।