लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। दरअसल, छतरपुर पुलिस ने शुक्रवार को बिहार, झारखंड, उड़ीसा, उत्तरप्रदेश, छत्तीसगढ़ तथा अन्य राज्यों में चोरी और छिनतई मामले में संलिप्त चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान सिद्धार्थ राव पिता शिवनाथ राव, करण राव पिता नीलकंठ राव, शांति दास पिता रामू दास तथा मनोज दास पिता बीजू दास सभी ग्राम पुरबाकोट ,थाना – कौरे, जिला जाजपुर, उड़ीसा निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से सोना चांदी तोलने वाली दो इलेक्ट्रिक वेट मशीन, रिंच लोहे का पंच आदि बरामद किया है।

उक्त आशय की जानकारी छतरपुर थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद ने प्रेसवार्ता करते हुए दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को छतरपुर थाना गेट के समीप वाहन चेकिंग लगाया गया था। जिसमें दो बाइक पर सवार चार व्यक्ति संदिग्ध हालत में दिखे। जिनके पास बाइक की कागजात मौजूद नहीं थे तथा दोनों मोटरसाइकिलों में दो-दो नंबर प्लेट लगा हुआ था। पूछताछ के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों ने बताया कि चोरी के इरादे से जाली नंबर प्लेट लगाकर पहले दुकान तथा आदमियों की रेकी करते हैं और मौका मिलते ही सामानों की चोरी और छिनतई कर भाग जाते हैं।

कई वर्षों से ये लोग यह काम करते आ रहे हैं तथा उनका पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। गिरफ्तार अपराधियों ने बताया कि बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, उड़ीसा एवं अन्य राज्यों में साड़ी, कपड़ा बेचने के नाम पर एक माह के लिए किराए पर मकान लेकर क्षेत्र की रेकी करते हैं और फिर मौका पाकर दुकान से चोरी एवं राह चलते लोगों से छिनतई कर भाग जाते हैं। ऐसे ही दूसरे शहरों में भी घटना को अंजाम देते रहते हैं। सभी अपराधियों के खिलाफ छतरपुर थाना में कांड दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *