लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। दरअसल, शनिवार अहले सुबह चैनपुर थाना क्षेत्र के चांदो में एक स्टोन माइंस में फायरिंग कर भाग रहे 5 अपराधियों को पुलिस ने धर दबोचा है। पकड़े गए अपराधियों के पास से पुलिस ने हथियार बरामद किया है। बता दें कि गिरफ्तार अपराधियों ने कुछ दिनों पहले रांची और ओरमांझी में भी फायरिंग की थी। इधर घटना के बाद पुलिस इलाके में सर्च अभियान चला रही है।

चांदो में स्टोन माइंस का संचालन होता है। जहां बाइक सवार अपराधी इलाके में पहुंचे और माइंस को टारगेट कर सात राउंड फायरिंग की और भागने लगे। इधर घटनास्थल से कुछ दूर स्थित चांदो पिकेट में तैनात अधिकारी और जवानों ने अपराधियों का पीछा कर सभी को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि पांच अपराधी पकड़े गए हैं। जिनके पास से चार हथियार भी बरामद किए गए हैं।

मामले की छानबीन जारी है। गिरफ्तार अपराधियों से एटीएस की टीम भी पूछताछ करेगी। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार अपराधियों का संबंध सुजीत सिन्हा गिरोह से है। उल्लेखनीय है कि पलामू में बड़ी संख्या में स्टोन माइंस संचालकों से सुजीत सिन्हा गिरोह द्वारा रंगदारी मांगी जा रही है। कुछ दिनों पहले पुलिस ने यूपी के दो गुर्गों को गिरफ्तार किया था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *