मेदिनीनगर : पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के सांगबार पंचायत अंतर्गत कुंवर बांध टोला में एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में हत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान लाखो देवी (उम्र लगभग 35 वर्ष), पत्नी संजय भुइयाँ के रूप में हुई है। घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतका का पुत्र प्रदीप भुइयाँ घर पहुंचा और देखा कि दरवाजा बंद है।

संदेह होने पर उसने खिड़की से झांककर देखा तो लाखो देवी मृत अवस्था में पड़ी थी। इसके बाद उसने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय, एसआई विक्रमशिल, एसआई राजू मांझी और एएसआई अजय कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
परिजनों के अनुसार, मृतका का पति संजय भुइयाँ बीते छह महीने से हिमाचल प्रदेश में काम कर रहा है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। हत्या किन कारणों से हुई और इसके पीछे किसका हाथ है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।