सतबरवा (पलामू): प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत रबदा पंचायत के सलइया गांव में सोमवार को एक 35 वर्षीय विवाहिता महिला का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। महिला की मौत की सूचना मिलते ही सतबरवा थाना के एएसआई अमित उपाध्याय पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की।

मृतका की पहचान सलइया निवासी आनंद भुइयां की पत्नी शिलवंती देवी के रूप में हुई है। उनके तीन बच्चे हैं दो पुत्र और एक पुत्री, जिनमें सबसे बड़े की उम्र लगभग 10 वर्ष बताई जा रही है। महिला का मायका लातेहार जिले के गारू प्रखंड में है।

ग्रामीणों के अनुसार, रविवार की रात महिला का पारिवारिक विवाद हुआ था। सोमवार सुबह शिलवंती देवी ने रोजमर्रा के कार्य निपटाए और खाना बनाने के बाद करीब 9 बजे कमरे में जाकर दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक बाहर न निकलने पर परिजनों ने कई बार आवाज दिया। कोई जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़ कर अंदर पहुंचे तो वह फांसी के फंदे पर लटकी मिली।

थाना प्रभारी विश्वनाथ कुमार राणा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है।महिला के शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं।

पुलिस ने शव का पंचनामा कर मंगलवार को पोस्टमार्टम हेतु एमएमसीएच मेदिनीनगर भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों पर स्पष्ट स्थिति सामने आएगी

रिपोर्ट : प्रेम पाठक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *