पलामू : अवैध शराब के निर्माण और कारोबार पर शिकंजा कसते हुए, उत्पाद विभाग ने कार्रवाई की है। उपायुक्त समीरा एस के आदेश तथा पलामू उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने हरिहरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कोठाला में विश्वनाथ यादव के आवास पर औचक तलाशी और छापामारी अभियान चलाया।

छापेमारी के दौरान, मुख्य अभियुक्त विश्वनाथ यादव मौके पर अपने घर में मौजूद पाया गया । जांच दल ने घर के सामने बरामदे में रखे गए भूसे के ढेर के अंदर सावधानीपूर्वक तलाशी ली । जिसके फलस्वरूप 10 प्लास्टिक जरकिन में छिपाकर रखा गया लगभग 400 लीटर अवैध स्प्रिट (अवैध शराब बनाने में प्रयुक्त मिश्रण) बरामद किया गया।
जब्त किए गए इस अवैध स्प्रिट के संबंध में पूछताछ करने पर विश्वनाथ यादव ने बताया कि यह प्रतिबंधित पदार्थ उसके संबंधी मामा जितेंद्र यादव (पिता-त्रिवेणी यादव, ग्राम अंधारीबाग, थाना-पिपरा, जिला-पलामू) द्वारा वहाँ रखा गया था।
उत्पाद विभाग ने तत्काल प्रभाव से 400 लीटर अवैध स्प्रिट को जब्त कर लिया और अभियुक्त विश्वनाथ यादव (पिता-स्व जगदीश यादव, ग्राम-कोठीला, पोस्ट-हलका, थाना-हरिहरगंज, जिला- पलामू) को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। बता दें कि मामले का मुख्य आरोपी जितेंद्र यादव वर्तमान में फरार है।