लाइव पलामू न्यूज/गढ़वा: एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार को श्री बंशीधर नगर, राजकीय मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक को 5000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दरअसल, प्रधानाध्यापक पर आरोप था कि उन्होंने विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के अध्यक्ष से सितंबर माह के मध्याह्न भोजन (एमडीएम) की राशि की निकासी के बदले रिश्वत मांगी थी। जिस शिकायत एसएमसी अध्यक्ष ने एसीबी से कर दी। उनका कहना था कि प्रधानाध्यापक अनिल कुमार विश्वकर्मा उनसे सितंबर माह के एमडीएम फंड की निकासी के लिए 5000 रुपये घूस की मांग कर रहे हैं। एसीबी ने मामले की सत्यता की पुष्टि कर कार्रवाई करते हुए प्रधानाध्यापक को घूस लेते रंगेहाथ धर दबोचा।गिरफ्तार प्रधानाध्यापक को टीम हिरासत में लेकर पलामू के लिए रवाना हो गई, जहां उनसे पूछताछ की जाएगी। इधर इस घटना से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है, और स्थानीय लोगों में भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग जोर पकड़ रही है।
