मेदिनीनगर : बुधवार, 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर समाहरणालय परिसर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उपायुक्त- सह- जिला दण्डाधिकारी समीरा एस ने भारतीय संविधान की सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मेदिनीनगर – भारतीय नागरिकों के लिए न्याय, सत्यता,स्वतंत्रता,समरूपता एवं भ्रातृत्व प्रदान करने वाले भारत के सर्वोच्चविधान के स्वीकृति दिवस पर “भारतीय संविधान” के निर्माताओं एवं सहयोगकर्ताओं को सादर नमन।

भारत का संविधान,भारत का सर्वोच्च विधान है जो संविधान सभा द्वारा 26 नवंबर 1949 को पारित हुआ इसलिए यह दिन (26 नंवबर) भारत के संविधान दिवस के रूप में घोषित किया गया है। वहीं संविधान 26 जनवरी 1950 से प्रभावी हुआ। संविधान निर्माण के दौरान पलामू जिले से दो लोग बतौर सदस्य यदुवंश सहाय ‘यदु बाबू’ और अमिय कुमार घोष ‘गोपा बाबू’ शामिल थे। ये हमारे लिए गर्व का विषय है। पलामू के इन दो सपूतों के संविधान निर्माण में योगदान को भुलाया नहीं जा सकता।
इस दौरान उपायुक्त ने विभिन्न पदाधिकारी व कर्मियों से संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन करवाया।इस दौरान पदाधिकारियों व कर्मियों ने भारत को एक संपूर्ण प्रभुत्व संपन्न,समाजवादी,पंथ- निरपेक्ष,लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने के साथ ही राष्ट्रीय की एकता और अखंडता सुनिश्चित करने वाली बंधुता बढ़ाने का संकल्प लिया।