लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीगर: मंगलवार, 11 फरवरी से राज्य में इंटर और मैट्रिक की परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं। जिसे लेकर प्रशासन अपनी पूरी तैयारी में है। इसी क्रम में सोमवार को पलामू के विभिन्न कोचिंग संस्थानों में छापेमारी की गई।‌ हालांकि छापेमारी में कुछ बरामद नहीं हुआ है।

आधा दर्जन कोचिंग संस्थानों की ली गई तलाशी:- 

छापेमारी के दौरान मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र में आधा दर्जन कोचिंग संस्थानों की तलाशी ली गई। जांच अभियान के दौरान कोचिंग के कागजातों की जांच की गई और संबंधित जानकारी जुटाई गई। मैट्रिक इंटर की परीक्षा को लेकर पूरे पलामू में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।

67,262 छात्र-छात्राएं परीक्षा में होंगे शामिल 

उल्लेखनीय है कि पलामू में 76 कॉलेजों में मैट्रिक और 40 कॉलेजों में इंटर की परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें 67,262 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। इनमे मैट्रिक के 34,665 और इंटर के विभिन्न संकायों में 32,597 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। मैट्रिक इंटर की परीक्षा को लेकर उड़नदस्ता सह गश्ती दंडाधिकारी, स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, उड़नदस्ता व गश्ती दल पदाधिकारी, केंद्राधीक्षक और प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों के साथ प्रशासनिक बैठक कर कई बिंदुओं पर रिपोर्ट तैयारी की गई है।

मैट्रिक व इंटरमीडिएट परीक्षा की तैयारी पूरी: डीडीसी

इस संबंध में उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद ने बताया कि मैट्रिक व इंटरमीडिएट परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गयी है। उन्होंने कहा कि अगर किसी भी परीक्षा केंद्र पर कोई छात्र कदाचार करते पकड़ा गया तो संबंधित केंद्राधीक्षक पर भी कार्रवाई की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *