मेदिनीनगर : शुक्रवार को रामनवमी को लेकर जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में जबरदस्त उत्साह नजर आया।जिले के विभिन्न हिस्सों से भव्य शोभायात्राएं निकाली गईं। पूरा वातावरण ‘जय श्रीराम’ और जय ‘बजरंगबली’ के जयघोष से गूंज उठा। प्रशासन त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए पूरी तरह सक्रिय नजर आई।

जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में श्री महावीर नवयुवक दल (जनरल) के नेतृत्व में 42 पूजा संघों ने महावीरी झंडे और बाजे-गाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली। पूजा अर्चना के बाद शिवाला घाट स्थित शिव मंदिर परिसर से शोभायात्रा शुरू की गई। जनरल के रथ के साथ सभी पूजा संघ लालकोठा, मुस्लिम नगर, तेली पट्टी, कन्नीराम चौक और थाना रोड होते हुए छहमुहान पहुंचे। जहां खिलाड़ियों ने पारंपरिक हथियारों के साथ कौशल का प्रदर्शन किया।

अंत में कोयल नदी के शिवाला घाट पर शाहपुर जनरल के झंडे के साथ ऐतिहासिक मिलन हुआ। बता दें कि इस वर्ष मेदिनीनगर में एक दर्जन से अधिक पूजा संघों ने आकर्षक झांकियां निकालीं। शोभायात्रा में जीनियस क्लब बैरिया, श्रीराम सेना संघ कचरवा, जय हनुमान संघ पंपूकल, नव शक्ति संघ नई मोहल्ला, नवदीप संघ बेलवाटिका, मारुति नंदन संघ नावाटोली और आजाद क्लब सहित शहर के दर्जनों संगठनों ने अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई।

जनरल के अध्यक्ष राकेश सिंह उर्फ मंगल सिंह, गणेश गिरी, दुर्गा जौहरी और अन्य पदाधिकारियों की देखरेख में आयोजन संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *