Maiyaa. Smman yojna

लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: डीसी शशिरंजन के आदेशानुसार ‘मंईयां सम्मान योजना’ के लाभुकों की जांच जारी है। जांच के दौरान केवल चार प्रखंडों से 584 अयोग्य लाभुक पाये गये हैं। जिला प्रशासन ने सभी प्रखंडों के बीडीओ को निर्देश दिया है कि जो भी लाभुक आयोग्य हैं, उन्हें चिह्नित कर तत्काल कार्रवाई करें। फर्जी तरीके से लाभ लेनेवालों से सूद के साथ राशि की वसूली की जाये। जांच के दौरान यह भी जानकारी सामने आई है कि जिनके परिवार के सदस्य सरकारी नौकरी कर रहे हैं।

वे भी इस योजना का लाभ उठा रहे थे। पारा टीचर, उनके परिवार के सदस्य भी इसका लाभ ले रहे हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य सहियाओं ने भी इस योजना का लाभ लिया है। बड़ी संख्या में ऐसे लाभुक पकड़े गए हैं, जिनकी उम्र 50 वर्ष से अधिक है। जिले में दिसंबर में तीन लाख 72 हजार 937 लाभुकों के खाते में राशि भेजी गयी है। इतना ही नहीं रामगढ़ प्रखंड की नावाडीह पंचायत में मृत महिला उर्मिला देवी और एक अन्य महिला के खाते में मंईयां सम्मान योजना की राशि गयी है।

इस संबंध में नावाडीह पंचायत के पंचायत सेवक मनीष कुमार सिंह ने बताया कि उर्मिला देवी की मौत तीन महीने पहले हुई है। वहीं एक और अन्य महिला की भी मौत हुई है। अब इसकी जांच की जा रही है कि मौत होने के बाद उसके खाते में कितनी राशि गयी है या नहीं। इस संबंध में जांच कर रामगढ़ के बीडीओ को सूचना दे दी गयी है।

जांच के दौरान पता चला है कि 1050 ऐसे अयोग्य लाभुक हैं, जो दूसरी पेंशन मद से पैसा ले रहे हैं। उनके खाते में अभी तक मंईयां सम्मान योजना की राशि नहीं भेजी गयी है। वहीं 2750 ऐसे लोगों को चिह्नित किया गया है, जिन्होंने दो अकाउंट के नाम से फॉर्म अप्लाई किया था। वैसे लोगों को भी अब तक राशि नहीं भेजी गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *