चतरा : अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण पर नियंत्रण सुनिश्चित करने हेतु शनिवार को समाहरणालय सभा कक्ष में उपायुक्त कीर्तिश्री की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में खनन विभाग द्वारा बीते वर्षों की कार्रवाई से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।

विभागीय आंकड़ों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2024-25 में अक्टूबर माह तक 115 वाहन जप्त किए गए, 57 प्राथमिकी दर्ज हुई तथा ₹18,07,704 की दंड राशि वसूली गई। वहीं, चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में अक्टूबर तक 137 वाहन जप्त, 59 प्राथमिकी दर्ज एवं ₹28,94,910 की दंड राशि वसूल की गई है।
उपायुक्त ने अंचलवार एवं कार्यालयवार की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए पाया कि विगत वर्ष की तुलना में इस वर्ष प्राथमिकी दर्ज करने की गति धीमी रही है। इस पर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल ने सभी अंचल अधिकारियों तथा थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित औचक छापामारी अभियान चलाकर अवैध खनन के मामलों में कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान कैटेगरी-1 बालूघाटों के संचालन की स्थिति पर भी चर्चा हुई। जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि बालूघाटों के सुचारू संचालन हेतु उपायुक्त स्तर से सभी संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं पंचायती राज पदाधिकारी को पूर्व में निर्देश जारी किए जा चुके हैं। उपायुक्त ने बालूघाटों से प्राप्त हो रहे राजस्व तथा बालू उठाव की अद्यतन रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया।
इसके अतिरिक्त जिला खनन पदाधिकारी ने अवगत कराया कि खान एवं भूतत्व विभाग, झारखंड रांची के पत्रांक–2560, दिनांक 12.11.2025 द्वारा कैटेगरी-1 बालूघाटों के संचालन हेतु नए दिशा-निर्देश, Receipt-cum-Dispatch Challan का नया प्रारूप, मासिक प्रतिवेदन एवं आवेदन पंजी के प्रपत्र प्राप्त हुए हैं। निर्देशानुसार अब सभी बालूघाटों में परिवहन नई Challan प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा तथा मासिक प्रतिवेदन एवं आवेदन पंजी का अभिलेख नियमानुसार संधारित किया जाएगा। उपायुक्त ने उक्त निर्देशों को सभी संबंधित अधिकारियों तक पत्र के माध्यम से प्रसारित करने का आदेश दिया।
उपायुक्त ने टास्क फोर्स के सभी सदस्यों, अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को चेताया कि किसी भी परिस्थिति में अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन नहीं होने दिया जाए। उन्होंने क्षेत्र में नियमित निगरानी और सघन अभियान चलाने पर विशेष बल दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल, वन प्रमंडल पदाधिकारी (उत्तरी) राहुल मीणा, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी चतरा जहूर आलम, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित टास्क फोर्स समिति के सभी जिला एवं अनुमंडल स्तरीय सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।